गोपालगंज

गोपालगंज: सड़क निर्माण में घटिया मेटेरियल का उपयोग करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों का हंगामा

गोपालगंज के कटेया थाना क्षेत्र के पंचदेवरी प्रखंड में मझवलिया पंचायत के भठवा खेल मैदान के पास सड़क निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में झड़प हो गयी और ईट-पत्थर चलने लगे। स्थिति तनाव पूर्ण हो गयी। स्थानीय बुद्धजीवियों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जाता है कि स्थानीय मुखिया अंबेश तिवारी द्वारा भाठवां खेल मैदान के पास से भोरे-पंचदेवरी मुख्य मार्ग से राजहाडा दुर्गा मंदिर तक मनरेगा से सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया गया था। शनिवार को भाठवां के ग्रामीण सड़क निर्माण में घटिया मेटेरियल का उपयोग किये जाने का आरोप लगाने लगे। जबकि मुखिया का कहना था कि स्टीमेट के मुताबिक काम कराया जा रहा है। विभाग के पदाधिकारियों से इसकी जांच करा ली जाए। इधर, ग्रामीणों का कहना था कि किसी भी हाल में सड़क निर्माण में घटिया मेटेरियल का उपयोग नहीं होना चाहिए। धीरे -धीरे विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने हो गये। मुखिया के समर्थकों व भाठवां के ग्रामीणों के बीच मामला इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से ईट-पत्थर भी चलने लगे। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गयी। भोरे-पंचदेवरी मुख्यमार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। झड़प के दौरान दोनों पक्षों के लोग चोट लगने की बात कह रहे हैं।

सूचना मिलने पर पंचदेवरी पिकेट प्रभारी संजीव कुमार, एएसआइ प्रदीप कुमार, सुनील कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दिये। घटना स्थल पर काफी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती कर दी गयी। घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। समाचार लिखे जाने तक मामले में किसी भी पक्ष द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गयी थी। थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच का मामला काफी गंभीर है। आवेदन मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!