गोपालगंज: मोहम्मदपुर जहरीली शराबकांड मामले में फरार चल रहा मुख्य आरोपित हुआ गिरफ्तार
गोपालगंज के मोहम्मदपुर थाने में जहरीली शराबकांड मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित को पुलिस की टीम ने दबोच लिया। पुलिस गिरफ्त में आया मुख्य आरोपित महम्मदपुर थाने के महम्मदपुर तुरहा टोली गांव का छट्ठू राम बताया गया है। मामले में पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
बताया जाता है कि जहरीली शराब कांड मामले में पुलिस ने पूर्व में शराब की सप्लाई करने वाले समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया था। घटना के बाद से छट्ठू राम फरार हो गया था। पुलिस की खोजबीन करने में जुटी हुई थी। एसपी आनंद कुमार के निर्देश के बाद सदर एसडीपीओ संजीव कुमार के नेतृत्व में लगातार महम्मदपुर थाने की पुलिस छापेमारी कर रही थी। छापेमारी के दौरान मंगलवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उल्लेखनीय है कि जहरीली शराब कांड मामले में 21 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि जिला प्रशासन ने 13 लोगों के मरने की पुष्टि की थी। मामले में तत्कालीन थानाध्यक्ष समेत अन्य चौकीदार सस्पेंड भी किए जा चुके हैं।