गोपालगंज में जमीनी विवाद में घायल बेटे का इलाज कराने गए दंपति के घर में लाखों रुपए की चोरी
गोपालगंज में जमीनी विवाद में घायल बेटे का इलाज कराने गए दंपति के घर में लाखों रुपए की चोरी कर ली गई। चोरों ने घर में रखे 10 हजार रुपये नगद और करीब ढाई लाख रुपये के गहने चोरी कर लिया है। घटना थावे थाना क्षेत्र के बेदु टोला गांव की है। पीड़ित गृह स्वामी का नाम शकील अंसारी है। वे थावे के बेदु टोला गांव के रहने वाले है।
पीड़ित शकील अंसारी की पत्नी नेबुल नेशा ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर उनके पाटीदार से विवाद हुआ था। इसी विवाद में जमकर मारपीट हुई थी। जिसमे उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल बेटे का इलाज कराने के लिए वे सभी लोग गोरखपुर चले गए थे। इलाज कराने के बाद जब कल देर शाम वे लोग अपने घर वापस लौटे तो यहां पर चोरों ने घर का ताला तोड़कर घर में रखे 10 हजार रुपये नगदी और ढाई लाख रुपये के गहने सब कुछ चुरा लिया। पीड़ित दंपति ने अपने पाटीदारों पर ही भीषण चोरी करने का आरोप लगाया है। बहरहाल पीड़ित के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।