गोपालगंज

गोपालगंज के बैकुंठपुर में मानदेय भुगतान के लिए आंगनबाड़ी सेविकाओं का प्रदर्शन

पिछले 14 महीने से मानदेय भुगतान नहीं होने से नाराज चल रही आंगनबाड़ी सेविकाओं का गुस्सा शनिवार को अचानक फूट पड़ा। आक्रोशित सेविकाओं ने संघ के आह्वान पर प्रखंड अध्यक्ष अनीता यादव के नेतृत्व में प्रखंड कार्यालय पर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी  सेविकाओं का आरोप था कि एक तो उनका मानदेय संतोषजनक नहीं है। दूसरी तरफ 14 महीने से भुगतान नहीं हो पा रहा है। इससे उनके परिजनों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गई है। प्रदर्शन के माध्यम से सेविकाओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उनका लंबित मानदेय भुगतान नहीं किया गया तो वे बाध्य होकर संघ के आह्वान पर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन शुरु करेंगी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि आर्थिक संकट के कारण उनके परिवार में भुखमरी होती है तो उसके लिए राज्य सरकार और बाल विकास परियोजना के अधिकारी जिम्मेवार होंगे। हालांकि प्रखंड विकास पदाधिकारी निभा कुमारी ने प्रदर्शनकारी सेविका-सहायिकाओं को उचित आश्वासन दिया और समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया। तब जाकर प्रदर्शन खत्म हो सका।

विरोध प्रदर्शन करने वाली सेविकाओं में संघ की सचिव कुमारी, सीमा सिन्हा, उपाध्यक्ष आशा देवी, मीना देवी, राजमती देवी, संगीता देवी, सोना देवी,  उर्मिला ठाकुर, जानकी देवी, रसीदा हैदर, सुनीता देवी आदि शामिल थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!