गोपालगंज: बारिश से 35 सौ हेक्टेयर में झुलसती फसल को मिली संजीवनी, यूरिया के दामों में दो गुना वृद्धि
गोपालगंज के पंचदेवरी प्रखंड में शनिवार की रात से शुरू हुई बारिश से 35 सौ हेक्टेयर में झुलस रही धान की फसलों को संजीवनी मिली है। बारिश के बाद किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। वही आधा दर्जन सड़कें व पंचदेवरी बाजार में जलजमाव से लोगों की परेशानी भी बढ़ी है।
इधर बारिश के बाद रविवार को यूरिया के दाम में दोगुनी वृद्धि हो गई। सरकारी दर पर 266 रूपया 50 पैसे में मिलने वाला यूरिया को किसानों को 350 रुपया से 450 रुपया तक खरीदना पड़ा। प्रशासनिक उदासीनता के कारण किसानों को आर्थिक मार झेलनी पड़ी। वहीं रविवार को धान की फसलों को बचाने के लिए किसान दिनभर खेतों में के मेड बांधते दिखाई दिए। धनंजय मिश्रा, मिंटू लाल श्रीवास्तव, अजय पांडेय, छोटन मिश्रा आदि किसानों का कहना था कि जो बारिश हुई है। इस बारिश का पानी केवल मेरे खेतों तक ही रह जाए।
इस संबंध में पंचदेवरी कृषि पदाधिकारी रमन कुमार ने बताया कि सरकारी दुकानों पर यूरिया नहीं है। जिला से यूरिया की डिमांड की गई है। एक से दो दिनों में आने की उम्मीद है।