गोपालगंज

गोपालगंज के पंचदेवरी के तीन हजार संदिग्ध राशन कार्ड पर प्रशासन की नजर, चलाया जाएगा अभियान

गोपालगंज के पंचदेवरी प्रखंड में राशन कार्ड सरेंडर करने का समय खत्म हो गया है। अब प्रखंड प्रशासन अपात्र राशन कार्ड को रद्द करने की तैयारी में जुट गया है। प्रखंड में करीब तीन हजार राशन कार्ड को संदिग्ध कैटेगरी में रखा गया है। इसको लेकर सभी पंचायतों में फिलहाल इसपर काम चल रहा है। सर्वे के आधार पर यहां संदिग्ध लाभुकों को चिन्ह्ति किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि पंचायत स्तर पर अभियान चलाकर सभी संदिग्ध कैटेगरी के राशन कार्डों की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर अपात्र राशन कार्ड को रद्द कर दिया जाएगा। प्रखंड में इसी माह से अभियान शुरू किया जाएगा। बताया जा रहा है कि 31 मई तक विभाग की ओर से अपात्र लाभुकों को राशन कार्ड सरेंडर करने की हिदायत दी गई थी। इसके बाद विभिन्न विभागों ने भी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को राशन कार्ड सरेंडर करने का आदेश दिया था। प्रखंडभर में 50 अपात्र लाभुकों ने राशन कार्ड सरेंडर भी किया लेकिन अब भी हजारों अपात्र लाभुकों ने अपना राशन कार्ड सरेंडर नहीं किया है। इसी को लेकर अब विभाग ने अभियान चलाने की योजना बनाई है।

बताया जा रहा है कि संदिग्ध राशन कार्ड की जांच के लिए पंचायत स्तर पर कई टीमें बनाई गई है। गुप्त तरिके से प्रखंड मुख्यालय में जांच टीम को अभियान का प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण के बाद सभी टीमें संबंधित पंचायतों में सस्पेक्टेड लाभुकों के घर जा-जाकर जांच करेगी। अगर लाभुक योजना की सभी शर्तें पूरी नहीं करेंगे तो संबंधित लाभुकों का राशन कार्ड रद्द कर दिया जाएगा। अगर लाभुक सभी शर्तों पर खड़े उतरेंगे तब उनका राशन बाधित नहीं होगा।

सरकार से जारी चेतावनी के बाद राशन कार्ड को लेकर चारों तरफ चर्चा की स्थिति बनी हुई है। किसका राशन कार्ड रद्द होगा और किसे लाभ मिलेगा, यह आमलोगों में संशय का विषय बना हुआ है। पंचदेवरी में 14 हजार 22 राशन कार्ड धारकों की संख्या है। बताया जा रहा है कि कई जगह अपात्र लाभुक सालों से योजना का लाभ ले रहे हैं। ऐसे लाभुक राशन कार्ड को रद्द होने से बचाने की जदोजहद में जुटे हैं। इधर विभाग के लाख चेतावनी के बाद भी अपात्र लाभुकों ने कार्ड सरेंडर नहीं किया है।

वहीं पंचदेवरी बीडीओ मनीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया की सस्पेक्टेड राशन कार्ड रद्द करने के लिए जांच टीम बनाई जाएगी। जांच टीम को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जल्द ही पंचायत स्तर पर अभियान चलाकर अपात्र राशन कार्ड को रद्द किया जाएगा। राशन कार्ड रद्द होने से उचित व्यक्ति को इसका फायदा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!