गोपालगंज: अग्नि पीड़ितों से मिले विधायक, पीड़ित परिजनों को दिया बर्तन, कपड़ा व आर्थिक सहयोग
गोपालगंज के पंचदेवरी प्रखंड के रूप पोइयां हरिजन बस्ती में अग्नि पीड़ितों से मिलने कुचायकोट विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय रविवार की देर शाम पहुंचे। विधायक ने सभी अग्नि पीड़ितों से मिलकर उनका हाल जाना और सहयोग करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान सभी अग्नि पीड़ितों को बर्तन, राशन, कपड़ा व आर्थिक सहायता राशि भी दी।
विधायक पप्पू पांडेय ने कहा कि अगलगी में जले सभी लोगों को सरकारी सहायता मिलेगा। उन्होंने दूरभाष पर एसडीओ व सीओ से बात कर उचित मुआवजा देने की बात कही। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन की सरकार है। विकास की लौ आम आदमी तक पहुंचे यही सरकार की मूल नीति है।
बता दें कि शनिवार की दोपहर रूप पोइयां हरिजन बस्ती में अचानक आग लग गई थी। जिसमें 21 दलितों के घर जलकर राख हो गए थे। सात बकरियां जिंदा जल गई थी। लगभग 50 लाख की क्षति होने का अनुमान था।
इस मौके पर जदयू के प्रखंड अध्यक्ष अशोक गुप्ता, अनुग्रह नारायण दुबे, पूर्व प्रमुख विजेंद्र मद्धेशिया, अजय मिश्र बम बम, मदन मोहन दुबे आदि थे।