गोपालगंज

गोपालगंज: सातवें चरण में मतदान को लेकर आधी आबादी में दिखा जोश, बूथों पर लगी लंबी कतार

गोपालगंज: सातवें चरण में जिले के कुचायकोट प्रखंड में पंचायत चुनाव को लेकर आधी आबादी में वोटिग के प्रति उत्साह व जोश दिखा। सोमवार को मतदान के प्रति महिलाओं के जज्बा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वोटिग प्रारंभ होने के पूर्व ही अहले सुबह ही महिलाएं घरेलू कार्य को निपटा चुकी थीं। सुबह चाय की चुस्की के बाद बगैर नाश्ता किए सात बजने के पूर्व ही अधिकांश घरों की महिलाएं मतदान केंद्र की ओर निकल पड़ी। वोट डालने पहुंचने वाली महिलाओं में नई नवेली दुल्हन से लेकर बुजुर्ग महिलाएं तक शामिल रहीं।

सोमवार को मतदान प्रारंभ होने के बाद कुचायकोट प्रखंड के लगभग सभी मतदान केन्द्रों पर आधी आबादी की लंबी कतार दिखी। नए पोशाक और घूंघट की ओट से मतदान के लिए अपनी बारी के इंतजार करती दिखीं। आधी आबादी के चेहरे पर मतदान की मुस्कान से स्पष्ट हो रहा था कि इन्हें मतदान का इंतजार बेसब्री से था। मतदान के लिए उत्साहित आधी आबादी की जोश आज देखते ही बनती थी। जल्दबाजी में घर की महिलाओं को मतदान केंद्र की ओर जाते देख घर के पुरुष वर्ग भी कहां पीछे रहने वाले। वे भी फटाफट तैयार होते हुए मतदान केंद्र की ओर रवाना हो गए।

कुचायकोट प्रखंड के बूथ संख्या 297 पर मतदान के लिए आधी आबादी की कतार में शामिल सरिता देवी ने बताया कि गांव की महिलाओं ने सुबह मतदान करने का निर्णय लिया। यहीं कारण रहा कि वह सुबह ही बूथ पर पहुंच गई। उन्होंने बताया कि मतदान के लिए त्योहार के समान सुबह जल्दी उठकर तैयार होने का अलग उत्साह अनुभव हो रहा था।

कुचायकोट प्रखंड के तमाम बूथों पर महिलाएं इसी जोश और जज्बा के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही थी। मतदान के बाद एक नई उमंग और खुशी के साथ घर लौट रही महिला मतदाता रास्ते में मतदान को जाने वाली अन्य महिलाओं से मतदान का आह्वान करती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!