गोपालगंज

गोपालगंज में बर्फीली हवाओं का दौर जारी, फिलहाल मौसम में बहुत बदलाव की नहीं दिख रही उम्मीद

गोपालगंज समेत पूरा सूबा भीषण शीतलहर की चपेट में है। गोपालगंज में शीतलहर का प्रकोप ऐसा है कि जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बर्फीली हवाओं ने दिन में भी ठिठुरन बना रखी है। जिसकी वजह से लोग अपना काम नहीं कर पा रहे हैं। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक फिलहाल मौसम में बहुत बदलाव की उम्मीद नहीं है। हफ्ते भर तक बर्फीली हवाओं का दौर जारी रहेगा और सुबह के वक्त कोहरे का कहर भी देखने को मिलेगा। शनिवार को गोपालगंज में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

तेज सर्द हवाओं के कारण गलन बढ़ने से लोगों की कंपकंपी छूटती रही। सर्द हवा बहने से बढ़ी ठंड का असर बाजारों पर भी पड़ा। बाजारों में चहल पहल कम दिखी। सुबह के नौ बजे तक शहर की सड़कों पर लोगों की संख्या काफी कम रही। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव जलाकर तापते रहे। दुकानदार तथा दुकानों में काम करने वाले ठंड से बचने के लिए कागज का गत्ता आदि जलाकर अपना शरीर आग से सेंकने को मजबूर हुए।

शुक्रवार की रात जनवरी माह में अब तक की सबसे सर्द रात रही। शनिवार की सुबह से ही सर्द हवाओं का वेग काफी तेज रहा। साथ ही घने कोहरे के कारण भी लोगों को परेशानी हुई। सुबह अपने घर से बाहर निकलने लोगों की कंपकंपी छूटती रही। लोग जहां-तहां जलाए गए अलाव के पास रुककर गर्माहट लेते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!