गोपालगंज

गोपालगंज: भगवान सूर्य को व्रतियों ने दिया पहला अर्घ्य, सुबह दूसरा अर्घ्य देने के साथ संपन्न होगा छठ

गोपालगंज: लोक आस्था के महापर्व छठ के मौके पर शुक्रवार की शाम व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य प्रदान किया। शनिवार की सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य  देने के साथ छठ पर्व का चार दिनी अनुष्ठान संपन्न होगा। इसके बाद व्रतियां पारण कर ठेकुआ का प्रसाद बांटेंगी। शुक्रवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करने के लिए जिले के सभी छठ घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कोरोना संक्रमण से बचने तथा प्रशासन की अपील पर सैकड़ो व्रतियों ने अपने घरों की छतों पर भी सूर्य को अर्घ्य प्रदान किया।

बीते गुरुवार को खरना के बाद से व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू कर दिया था। रातभर व्रतियों ने छठी मइया की आराधना की। घर-घर छठी मइया के गीत गाये जा रहे थे। ऐसे में सुबह कब हो गई, व्रतियों को पता तक नहीं चला। शुक्रवार को दिन चढ़ने के साथ ही व्रतियों में अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य  प्रदान करने के लिए उत्साह चरम पर पहुंच चुका था। दोपहर 1 बजे के बाद से ही दूर-दराज के व्रतियों के कदम छठ घाटों, तालाबों और पोख्ररों की ओर बढ़ने शुरू हो गये। शाम होते ही घाट व्रतियों से पट गये। घरों की छतों का माहौल पूरी तरह से उत्सवी हो गया। शहर का माहौल पूरी तरह से भक्तिमय दिखा। व्रती पारंपरिक छठ गीत गाते हुये जहां घाटों पर पहुंचे। वहीं इन गीतों को गाते हुये घर वापस आये। वहीं शनिवार को सुबह 6.09 बजे से उदीयमान सूर्य को व्रती देंगे दूसरा अर्घ्य।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!