गोपालगंज

गोपालगंज: व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक मैसेज डालने के बाद विवाद, दो गुट्टों के बीच जमकर मारपीट

गोपालगंज: व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक मैसेज डालने के विवाद में दो गुट्टों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान फायरिंग और पथराव की गयी। जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। जिन्हे इलाज के लिए कुचायकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। घटना विशंभरपुर थाना क्षेत्र के बलिवन सागर बाजार की है। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को तनावपूर्ण देखते हुए मौके पर तीन थानों की पुलिस बल बुला ली है। फ्लैग मार्च कर पुलिस ने शांति की अपील की है। पुलिस की तत्परता से एक बड़ा बवाल टला है। वहीं दूसरी तरफ घटना के बाद दहशत के कारण बाजार की दुकानें बंद हो गयी हैं।

बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह बलिवन सागर बाजार में कुछ असामाजिक तत्वों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप पर अश्लील और आपत्तिजनक मैसेज शेयर कर दी। व्हाट्सएप ग्रुप का आपत्तिजनक मैसेज धीर-धीरे कई लोगों के बीच वायरल हो गया। इसके बाद बलिवन सागर बाजार में दो गुट्टों के बीच मारपीट शुरू हो गयी। मारपीट के दौरान कट्टा से फायरिंग की गयी और पथराव भी किया गया, जिसमें बलिवन सागर पंचायत के उप सरपंच की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गयी।

घटना की सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष रामबाबू राम ने घायल चंदन कुमार, श्याम बाबू और अंकज कुमार को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायल चंदन कुमार ने पुरानी रंजिश में मारपीट किये जाने का आरोप लगाया। वहीं स्थानीय पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में करने और फायरिंग की घटना से इंकार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!