गोपालगंज: बगीचे में पेड़ से लटका एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक का शव पुलिस ने किया बरामद
गोपालगंज के कुचायकोट थाना क्षेत्र के अमवा पोखरा के पास एक बगीचे में पुलिस ने एक 25 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका हुआ बरामद किया। युवक का शव मफलर गले में बांध कर पेड़ में लटका हुआ मिला। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना की जानकारी लगने के बाद आसपास से भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शव की शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। करीब चार घंटे के प्रयास के बाद पुलिस ने शव के शिनाख्त होने की पुष्टि की। मृतक ऊँचकागांव थाना क्षेत्र के श्यामपुर गांव का निवासी भरत शाह का पुत्र विजय शाह बताया जाता है।
बताया जाता है की गुरुवार की सुबह गांव के कुछ लोग अमवा पोखरा के पास खेती बारी के लिए जब निकले तो बगीचे में पेड़ पर एक युवक का मफलर से बाधा लटका हुआ शव दिखाई दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना कुचायकोट पुलिस को दी। जानकारी लगने पर थाना अध्यक्ष अश्विनी कुमार तिवारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पेड़ से उतरवाकर जांच पड़ताल शुरू की। युवक का काफी देर तक शिनाख्त नहीं हो सका। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया।
इधर जांच पड़ताल के क्रम में पुलिस को उक्त युवक के बारे में सुराग लगा और उसकी शिनाख्त हुई। परिजनों ने शव की शिनाख्त उचकागांव थाना क्षेत्र के भरत साह के पुत्र 25 वर्षीय विजय शाह के रूप में की। थानाध्यक्ष का कहना था कि मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त था और वह इधर पिछले एक दो दिनों से घूम रहा था। थानाध्यक्ष का कहना था कि पहले युवक ने पानी में डूब कर अपनी जान देने की कोशिश की पर जब वह सफल नहीं हुआ तो उसने गले मे मफलर बांधकर पेड़ से अपने आपको लटका लिया। हालांकि यह हत्या है या आत्महत्या इसको लेकर दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।