गोपालगंज: हत्या के तीन माह बाद भी परिवार को नहीं मिला इन्साफ, आरोपियों की अभी तक नही हुई गिरफ्तारी
गोपालगंज में सिधवलिया थानाक्षेत्र के गंगवा गांव में बीते 27 जुलाई को 30 वर्षीय युवक ओमवीर कुमार सिंह की उसके दोस्तों ने हत्या कर दी थी। हत्या के बाद से ही सभी आरोपी फरार हैं। घटना के बाद पीड़ित परिजन दहशत में है। परिजनों ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ से लेकर एसपी तक गुहार लगायी। लेकिन घटना के तीन माह बीत जाने के बाद भी अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नही हो सकी है।
परिजनों का आरोप है कि दबंग आरोपियों के द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। जिनके डर की वजह से वे अब अपने गांव को छोड़कर पलायन कर गए हैं। मृतक की मां माला देवी ने अपने बेटे के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर एसपी से गुहार लगाई है। माला देवी के मुताबिक वे गांव छोड़कर गोपालगंज शहर में किराए का मकान में रह रही हैं। आरोपी केस उठाने की धमकी दे रहे हैं। केस नही उठाने पर उनके छोटे बेटे को भी जान से मारने की धमकी दे रहे है।
हालांकि इस मामले में एसपी आनंद कुमार ने कहा कि इस मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। वे खुद एक दो दिनों में मामले को लेकर मीडिया को जानकारी साझा करेंगे।