गोपालगंज

गोपालगंज: फंदे से लटकते मिला महिला का शव, ससुराल पक्ष पर हत्या कर फंदे से लटकाने का आरोप

गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में एक महिला की हत्या कर फांसी के फंदे से लटका दिया गया। मृतका निधि सिंह पकड़ी गांव के रंजीत सिंह उर्फ बुड्ढा की पत्नी थी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची मीरगंज पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया।

घटना के संबंध में मृतका के भाई व सिवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शामपुर गांव के निवासी बृजेश सिंह ने बताया कि उसकी बहन निधि सिंह की शादी करीब 5 वर्ष पूर्व मीरगंज थाने के पकड़ी गांव के रंजीत सिंह उर्फ बुड्ढा के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों तक पति-पत्नी का व्यवहार ठीक रहा। लेकिन बाद में ससुराल के लोग दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट व प्रताड़ित करना शुरू कर दिए। इसकी सूचना निधि सिंह ने अपने मायके वालों को दी थी। उधर गुरुवार की देर रात करीब 2 बजे ससुराल के लोगों ने निधि की हत्या कर दी और हत्या की घटना को आत्महत्या के रूप में बदलने के लिए शव को फांसी के फंदे से लटका दिया। इसकी सूचना मिलने के बाद मायके वाले निधि सिंह के ससुराल पहुंचे और घटना की जानकारी मीरगंज थाना की पुलिस को दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया। रंजीत सिंह और उसकी पत्नी निधि सिंह से कोई बच्चे नहीं हैं।

मीरगंज थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि महिला की फांसी लगाकर मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है| शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया गया है। मायके वाले हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!