गोपालगंज: रिपब्लिक टीवी के अरनब गोस्वामी की गिरफ़्तारी के विरोध में पत्रकारों ने निकाला मौन जुलुस
गोपालगंज: रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अरनब गोस्वामी की मुंबई पुलिस द्वारा गिरफ्तारी का पूरे देश में विरोध शुरू हो गया है। देशभर के पत्रकार संगठन खुलकर सामने आ गए। वहीं गोपालगंज में भी बिहार प्रेस मेंस यूनियन के सदस्य पत्रकारों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में कई प्रमुख मीडिया संस्थानों के पत्रकार मौजूद थे। यूनियन के सदस्यों ने शहर के पोस्ट ऑफिस चौक से थाना चौक तक एक मौन जुलुस निकाला। इस दौरान बड़ी तादाद में मौजूद पत्रकारों ने उद्धव सरकार द्वारा पत्रकारों पर दमन चक्र के खिलाफ आवाज बुलंद की और अरनब गोस्वामी की जल्द रिहाई की मांग की।
इस प्रदर्शन में शामिल पत्रकारों ने अरनब की गिरफ्तारी और उनके साथ बदसलूकी को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया के ऊपर बहुत बड़ा कुठाराघात बताया। उन्होंने इसे मीडिया की स्वतंत्रता को दबाने की कोशिश करार दिया। पत्रकारों ने कहा कि मीडिया अगर कमजोर होती है, तो लोकतंत्र भी कमजोर होगा। पत्रकारों ने अरनब गोस्वामी की जल्द रिहाई की मांग की।
इस विरोध प्रदर्शन में पुरे जिले के सैकड़ो पत्रकारों ने हिस्सा लिया।