गोपालगंज

गोपालगंज में थावे महोत्सव के दूसरे दिन भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा ने लोगों को किया मंत्रमुग्ध

गोपालगंज में थावे महोत्सव के दूसरे दिन मुंबई के प्रसिद्ध भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा ने तबला, वायलिन और गिटार की धुन पर अपनी मधुर स्वर लहरियों से भक्तिमय संगीत का ऐसा जादू बिखेरा कि सभी आध्यात्म की गंगा में डूब गए। मौका था थावे महोत्सव का। महोत्सव में पहुंचे अनूप जलोटा ने कहा कि मां थावे वाली की पावन धरा पर आकर और इस पावन मंच से प्रस्तुति देने का मौका पाकर खुद को धन्य महसूस कर रहा हूं।

सबसे पहले उन्होंने अपने प्रसिद्ध भजन ऐसी लागी लगन, मीरा हो गई मगन… से आध्यात्म संध्या का आगाज किया। इसके बाद ले लो राम का नाम… से माहौल को आध्यात्म के रंग से रंग दिया। श्याम तेरी बंशी, कन्हैया तेरी बंशी…., रंग दे चुनरिया…. जैसे भजनों को प्रस्तुत कर हर किसी को प्रभु के रंग में रंग दिया। वहीं साथी गायक कलाकारों ने गीता सार क्यों व्यर्थ चिंता करते हो, क्या लेकर आए थे, क्या लेकर जाएंगे…. और ऐ मत कहो खुदा से, मेरी मुश्किलें बढ़ी हैं, इन मुश्किलों से कह दो मेरा खुदा बड़ा है की प्रस्तुति से सभी को मोटिवेट किया। इस दौरान तबले पर सौरभ, गिटार पर हिमांशु और वायलिन पर राशिद अहमद ने संगत देकर आध्यात्मिक संध्या को चार चांद लगा दिए।

वहीं समापन के मौके पर जदयू सांसद डॉ आलोक कुमार सुमन ने भजन सम्राट अनूप जलोटा को थावे मां भवानी का प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। बैकुंठपुर के विधायक मिथिलेश तिवारी ने प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। जिला प्रशासन की ओर से भी कलाकारों को सम्मानित किया गया। डीएम अरशद अजीज ने भजन सम्राट को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। वहीं एसपी मनोज कुमार तिवारी ने भी अंगवस्त्र देकर भजन सम्राट के साथ आये अन्य कलाकारों को सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!