सीवान

सिवान के मैरवा में बैंक सेवा केंद्र संचालक की गोली मार हत्या, डेढ़ लाख की लूट

सिवान जिला के मैरवा थाना क्षेत्र के बड़का मांझा शिव मंदिर के निकट शुक्रवार की दोपहर बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक तितरा हरपुर निवासी देवेंद्र सिंह को गोली मारकर अपराधियों ने उनके पास से डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। वे ग्राहक सेवा केंद्र के लिए बैंक से रुपये लेकर आ रहे थे।

गोली लगने के बाद घायलावस्था में देवेंद्र सिंह को परिजन इलाज के लिए सदर अस्पताल ला रहे थे, तभी श्रीगनर के पास उनकी मौत हो गई। इधर घटना से आक्रोशित लोगों ने सिवान-मैरवा मुख्य पथ को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस कारण सड़क के दोनों तरफ गाडिय़ों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम है। गोली मृतक की कमर के नीचे लगी थी।

बताया गया कि तितरा हरपुर निवासी देवेंद्र सिंह बैंक ऑफ इंडिया शाखा तितरा के ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन बड़का मांझा में करते थे। शुक्रवार को वे बैंक ऑफ इंडिया शाखा तितरा से डेढ़ लाख रुपये की निकासी कर बड़कामांझा लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर गांव के ही कैलाश उपाध्याय भी थे।

जैसे ही वे बड़कामांझा शिव मंदिर चौराहा के पास पहुंचे, बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें घेरकर रोक लिया और कमर के नीचे गोली मार कर रुपये लेकर फरार हो गए। घायल देवेंद्र ने फोन कर इसकी सूचना मैरवा पुलिस को दी। साथ ही गांव के कुछ साथियों को भी सूचित किया और बदमाशों की बाइक के नंबर की जानकारी भी दी।

फायर सुनकर कुछ देर बाद आस-पास के लोग पहुंचे और उन्हें सदर अस्पताल ले जा रहे थे। तभी श्रीनगर समीप उनकी मौत हो गई। इसके पूर्व भी देवेंद्र सिंह से अपराधियों ने रुपये लूटने का प्रयास किया था लेकिन सफल नही हो सके थे। इसकी सूचना उन्होंने थाना में दे रखी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!