पटनाबिहार

छेड़खानी का विरोध करने पर चलती ट्रेन में तीन महिलाओं को मार दिया चाकू

नितिश सरकार आधी आबादी को रोज़ नये नए तोहफे दे रही है। तो दूसरी तरफ चलती ट्रेन में लफंगे लड़कियों व महिलाओं से हर दिन छेड़खानी करते थे। लेकिन, इस बार उन्होंने हद कर दी। छेड़खानी से नाराज महिलाओं ने जब उनका विरोध किया तो लफंगे मारपीट पर उतर आए। उन्होंने तीन महिलाओं को चाकू मारकर घायल कर दिया।

घटना जहानाबाद से पटना आ रही सवारी गाड़ी में शनिवार की शाम में हुई। चाकू मारने के बाद अपराधी तारेगना स्टेशन पर उतरकर चले गए। इस दौरान रेल पुलिस की एस्कॉर्ट पार्टी नजर नहीं आई। ट्रेन के पटना जंक्शन पहुंचते ही बोगी में सवार महिला यात्रियों ने जीआरपी थाने पहुंचकर हंगामा किया। रेल पुलिस ने जख्मी महिलाओं को इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया, हालांकि बाद में परिजन उन्हें निजी नर्सिंग होम ले गए।

महिलाओं ने बताया कि वे प्रतिदिन 50 से 70 की संख्या में जहानाबाद से लेकर पुनपुन के बीच में महिला बोगी में सवार होती हैं। प्रतिदिन महिला बोगी पर पुरुष यात्रियों का कब्जा बना रहता है। वे फब्तियां कसते व छेड़खानी करते हैं।

घटना की बाबत पटना जंक्शन रेल थाने के निरीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि तीन महिलाओं को जख्मी किया गया है, जिनमें एक अधिक जख्मी है। घटना की प्राथमिकी दर्ज कर तारेगना रेल थाने को भेज दी गई है। कार्रवाई हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!