उत्तर प्रदेश

योगी राज में नहीं थम रहा अपराध, मथुरा में एक और सराफा कारोबारी की हत्या

उत्तर प्रदेश में नई सरकार बनते ही लोगों में नई उम्मीद जगी थी। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही योगी आदित्यनाथ के तेवर देख कर लोगों को लगा था कि अब तो अपराधियों के दिन लद गए। खुद सीएम योगी ने भी एलान किया था कि अपराधी राज्य को छोड़कर चले जाएं, अब यूपी में उनकी खैर नहीं है। लेकिन हर रोज हो रहे वारदात ने सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

मथुरा में हाथरस के गांवों में चांदी के बने आभूषणों का व्यापार करने आए सराफा व्यापारी की हत्या कर लुटेरे उनका शव भरतिया गांव के जंगल में फेंक गए। देर शाम को व्यापारी की हत्या और 7.50 किग्रा चांदी के गहने लूटे जाने का पता चलने के बाद पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि हाथरस जनपद निवासी कुंवर पाल सिंह शनिवार(3 जून) की सुबह एक थैले में 7.50 किग्रा चांदी के गहने लेकर बलदेव क्षेत्र की ओर गए थे। रास्ते में उनका शव पड़ा हुआ मिला। लगता है कि लुटेरों ने उनकी हत्या के बाद चांदी के गहने लूट लिए। लेकिन उनकी जेब में रखे 10,000 रूपये उन्होंने नहीं लिए।

संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के नेता रमेश बिंदल ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार व्यापारियों को सुरक्षा देने में नाकाम रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। कारोबारियों का कहना है कि मथुरा के साथ पूरे प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं।

बता दें कि इससे पहले 15 मई को शहर के एक बाजार में एक नामचीन सराफा कारोबारी की दुकान पर हमला कर एक गिरोह के आठ सदस्यों ने डेढ़ करोड़ रूपये का सोना और एक लाख रूपये नगद लूट लिए थे और गोली भी चलाई थी। घटना में दो व्यापारियों की मौत हो गई थी और तीन घायल हो गए थे। तब से व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!