गोपालगंज के भोरे प्रखंड कार्यालय में भ्रष्टाचार का आरोप लगा कर वार्ड सदस्यों ने किया जमकर विरोध प्रदर्शन
गोपालगंज: भोरे के गांधी स्मारक हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज के खेल मैदान में वार्ड सदस्यों को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन और विरोध मार्च का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें प्रखंड के सभी वार्ड सदस्य शामिल हुए।
कार्यक्रम का संबोधित करते हुए वार्ड सदस्य संघ के नेता और भोरे पंचायत के वार्ड सदस्य ने कहा कि प्रखंड कार्यालय में व्यापक पैमाने पर भ्रष्ट्राचार फैला है। हर चीज में जनता से पैसा लिया जा रहा है। शौचालय के भुगतान को लेकर दो से तीन हजार, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना से लेकर तमाम तरह के सरकारी योजनाओं में लाभुकों से पैसे की मांग की जा रही है। उनके द्वारा स्थानीय बीडीओ पर घुसखोरी को बढावा देने और दलाल रख कर वसूली कराने का आरोप लगाया गया। वहीं जगतौली पंचायत के उपमुखिया ने कहा कि पंचायत के मुखिया द्वारा वार्ड सदस्यों को कुछ नहीं समझा जा रहा है। स्वच्छता में चयनित पंचायतों में बिना वार्ड सभा कराये ही मुखिया मनमानी करते हुए स्वच्छता कर्मियों को चयनित कर रहे हैं। इसकी शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसके बाद वार्ड सदस्यों ने भोरे में विरोध मार्च निकाला। जो भोरे चारमुहानी होते हुए थाना मोड़, वायरलेस मोड़ से वापस प्रखंड कार्यालय लौटा, जहां सभी वार्ड सदस्यों ने नारेबाजी की। बाद में आगे की रणनीति बना कर कार्रवाई को समाप्त किया गया।