गोपालगंज: सड़क किनारे शौच कर रहे बच्चे को टाटा मैजिक वैन ने रौंदा, बच्चे की मौके पर हुई मौत
गोपालगंज के कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहां – पंचदेवरी मुख्य मार्ग पर मंझरियां पेट्रोल पंप के समीप एक तेज रफ्तार टाटा मैजिक भान ने एक नन्हे से बच्चे को कुचल डाला। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृत बच्चा मंझरियां गांव निवासी प्रमोद मद्धेशिया का पांच वर्षीय बेटा रितिक कुमार था।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोमवार की अहले सुबह करीब 5:15 बजे ऋतिक अपने घर से निकल कर बाहर सड़क के किनारे टॉयलेट कर रहा था। इसी दौरान जमुनहां के तरफ से एक शादी समारोह से साउंड लेकर लौट रही अनियंत्रित टाटा मैजिक भान ने उसे रौंद दिया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने टाटा मैजिक भान को पकड़ लिया। इस दौरान चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौत के बाद ग्रामीण उग्र हो गए। और जमुनहां – पंचदेवरी मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप शव को रखकर जाम कर दिया। लगभग एक घंटे के जाम के बाद पंचदेवरी पिकेट प्रभारी रियाज हुसैन और कटेया थाने के एएसआई संजय कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। एक घंटे के बाद जाम को पुलिस ने पूरी तरह से खाली करा दिया। पुलिस ने बताया कि वाहन मालिक और परिजनों के आपसी समझौते के बाद मामला शांत हुआ। इधर रितिक की मौत के बाद मां रत्ना देवी, पिता प्रमो मद्देशिया, विवेक कुमार, दादा महावीर साह, दादी सुभावती देवी का रो रो कर बुरा हाल है।