गोपालगंज: डुमरिया घाट स्थित नारायण फ्रंट पर नारायणी महाआरती में उमड़ा आस्था का सैलाब
गोपालगंज के बैकुंठपुर प्रखंड के डुमरियाघाट स्थित नारायण फ्रंट पर गुरुवार की देर शाम आयोजित नारायणी में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कई मंत्रियों विधायकों एवं हजारों ग्रामीणों की उपस्थिति में डुमरिया घाट में पहली बार नारायणी आरती का आयोजन किया गया। बैकुंठपुर के पूर्व विधायक व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी की ओर से नमामि गंगे परियोजना के तहत यहां नारायणी आरती का आयोजन किया गया है। नारायणी आरती में सारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सिवान सहित कई जिलों के भाजपा कार्यकर्ता व सामाजिक संगठन से जुड़े लोग शामिल हुए।
नारायणी रिवर फ्रंट के सीताघाट व राम घाट पर नारायणी आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीम अप्रिय घटना की संभावना को लेकर रिवर पेट्रोलिंग करती रही। नारायणी महा आरती के दौरान बिहार सरकार के मंत्री जीवेश मिश्रा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, संजय सरावगी, राजेश वर्मा, बेबी कुमारी, विधायक जनक सिंह, विधायक मंटू सिंह, विधायक सुनील मणि तिवारी, पर्यटन मंत्री नारायण प्रसाद, मंत्री जनक राम, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल छपरा सदर विधायक सीएन गुप्ता सहित कई नेता शामिल हुए।