गोपालगंज: कर्मशीला गांव के समीप सड़क दुर्घटना में 19 वर्षीय घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
गोपालगंज के बैकुंठपुर थाने के कर्मशीला गांव के समीप हुई सड़क दुर्घटना में 19 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। मृत युवक महम्मदपुर थाने के देवकुली गांव के रामबली महतो का बेटा मुकेश कुमार था।
घटना के संबंध में बताया गया कि मुकेश अपनी बहन रीता को उसके ससुराल छोड़ने के लिए सीमावर्ती सारण जिले के पन्नापुर थाने के खजूरी गांव बाइक से गया था। बहन को ससुराल छोड़कर वापस लौटने के दौरान कर्मशीला गांव के समीप अपने ही बाइक से असंतुलित होकर गिर गया। पिच सड़क पर गिरने के कारण उसके सिर में गहरी चोट लग गई। चिंताजनक स्थिति में उसे इलाज के लिए राजापटी के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। उसके बाद बेहतर इलाज के लिए बैकुंठपुर लाया गया। इलाज के दौरान शनिवार की देर शाम उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया।
मुकेश कुमार अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। जो लुधियाना के लोहा फैक्ट्री में काम करता था। लॉकडाउन के दौरान वह घर आया था। पिता रामबली महतो, बड़ा भाई धर्मेंद्र महतो व सिकंदर महतो भी लुधियाना स्थित लोहा फैक्ट्री में ही काम करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही दोनों भाई व पिता लुधियाना से घर के लिए चल पड़े हैं। युवक की मौत के बाद बहन रीता देवी, रीना देवी, मां बेदामी देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से आहत देवकुली गांव के कई घरों में रविवार की सुबह चुल्हा नहीं जल सका।