गोपालगंज: घर के पास खेल रहे एक बच्चे को सांप ने डंस, घंटों झाड़ फूंक के बाद बच्चे की थम गई सांस
गोपालगंज के गोपालपुर थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में शुक्रवार को घर के पास खेल रहे एक बच्चे को सांप ने डंस लिया। सांप के जहर से बच्चा अचेत हो गया। लेकिन अंधविश्वास में जकड़े परिजन बच्चे को अस्पताल ले जाने की जगह एक तांत्रिक पास लेकर चले गए। घंटों झाड़ फूंक किया जाता रहा। इसी बीच बच्चे की सांस थम गई। बच्चे की सांस थमने पर परिजन उसे सदर अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि अहिरौली गांव निवासी दस वर्षीय प्रधुम्न कुमार अपने घर के पास अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान एक सांप ने इसे डंस लिया। सांप के डंसने के कुछ देर बाद जहर के असर से बच्चा अचेत हो गया। बच्चे के अचेत होने के बाद परिजन उसे अस्पताल ले जाने की जगह बगल के गुलौरा गांव में झाड़ फूंक कराने के लिए एक तांत्रिक के पास ले गए। घंटों झाड़ फूंक किया जाता रहा। इस दौरान बच्चे की हालत और बिगड़ गई तथा उसी सांसें थम गई। बच्चे की सांस थमने पर परिजन उसे सदर अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।