देश

सर्राफा व्यापारियों की हड़ताल खत्म, 25 अप्रैल तक सभी दुकानें व शोरूम खुलेगी

आखिरकार एक मार्च से चल रही सर्राफा व्यापारियों की हड़ताल मंगलवार शाम से खत्म हो गई। ऑल इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स संघ के अध्यक्ष प्रवीण गोयल का कहना है कि हमने अस्थायी रूप से यह हड़ताल वापस ली है।

आगामी 25 अप्रैल तक सभी सर्राफा कारोबारी अपनी दुकानें व शोरूम खोलेंगे। हम अब भी सरकार से सोने पर लगाई गई एक प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी हटाने की मांग कर रहे हैं। अगर हमारी मांग नहीं मानी गई तो हम फिर से हड़ताल व विरोध-प्रदर्शन करेंगे।

देश भर से सर्राफा व्यवसायियों की हड़ताल खत्म होने की खबरों के बीच दिल्ली के कारोबारियों ने भी आगामी 25 अप्रैल तक हड़ताल खत्म कर दी है। बीते 43 दिन से चल रही हड़ताल से अब तक कारोबारियों को एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हो चुका है। सर्राफा व्यापारी गत एक मार्च से आम बजट आने के बाद से लगातार हड़ताल कर रहे हैं। राजधानी में ऑल इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एंड स्वर्णकार संघ ने अब तक दिल्ली में कई विरोध प्रदर्शन किये। संघ के अध्यक्ष प्रवीण गोयल का कहना है कि सर्राफा व्यापारी बीते 43 दिन से हड़ताल पर हैं, मगर सरकार के कान में जूं तक नहीं रेंगी। हम पर जबरन इंस्पेक्टर राज थोपा जा रहा है।

सर्राफा व्यापारियों की आर्थिक हालात बिगड़ते जा रहे हैं। सोमवार को एक बैठक के बाद 25 तक हड़ताल को रोककर दुकानें व शोरूम खोलने का फैसला लिया गया है। हम 25 के बाद एक बार फिर से सड़कों पर आकर प्रदर्शन करेंगे। इस बार मुंबई में एक बड़े प्रदर्शन की तैयारी है, जिसमें देश भर से सर्राफा से जुड़े व्यापारी, कारीगर व कर्मचारी सभी हिस्सा लेंगे।

वही दूसरी तरफ स्वर्णकारों व व्यापारियों द्वारा दिल्ली में हुए प्रदर्शनों में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी समर्थन दे चुके हैं। इतनी लंबे समय तक चली हड़ताल में देश भर से व्यापारी दिल्ली आकर सरकार से एक्साइज हटाने की मांग कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!