गोपालगंज के उचकागांव में महिला को जलाकर हत्या का हुआ प्रयास, महिला की हालत नाजुक
गोपालगंज के उचकागांव थाना क्षेत्र के हरैया गांव में एक 28 वर्षीय विवाहित महिला को उसके ससुराल में पट्टीदारों द्वारा जलाकर हत्या करने के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार के रात की है। जब महिला अकेले अपने घर पर थी।
बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के भुवला गांव निवासी हरीचंद्र साह की 28 वर्षीय बेटी सुनीता देवी का विवाह 2 वर्ष पहले थाना क्षेत्र के हरैया गांव के रामदेव साह के बेटे तारकेश्वर साह के साथ हुआ था। शादी के बाद महिला कि एक वर्ष की बच्ची भी है। महिला का पति रोजगार के सिलसिले में पंजाब के किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता है। घटना के समय भी वह पंजाब में ही था। महिला सुनीता देवी की दयादिन और उसके घर के लोगों द्वारा उसे बराबर प्रताड़ित किया जाता था। इसी दौरान मंगलवार की रात दयादिन और उसके घर वालों द्वारा महिला को जलाकर मारने का प्रयास किया गया। घटना के बाद से सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। जिसके बाद लोगों द्वारा महिला सुनीता देवी को जख्मी हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी चिंताजनक हालत को देखते हुए डॉक्टरों द्वारा उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
वैसे मामले में थाने में अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है।