भारत के पास दुनिया को देने के लिए काफी कुछ – मोदी
विदेश दौरे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय दौरे के लिए शनिवार को सऊदी अरब पहुंचे। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सऊदी की राजधानी रियाद में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत के पास दुनिया को देने के लिए काफी कुछ है विशेष तौर पर प्रतिभावान एवं हुनरमंद श्रमशक्ति के रूप में और उनकी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को लेकर इस दिशा में आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा, ‘ वैश्विक स्तर पर प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था मजबूत बनाई है। आज भारत आर्थिक रूप से प्रगति कर रहा है और दुनिया हमारी ओर देख रही है। सौ करोड़ से अधिक लोगों का देश काफी कुछ कर सकता है।’
समारोह में उपस्थित लोगों के ‘भारत माता की जय’ के नारे के बीच मोदी ने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति का एक कारण राजनीतिक स्थिरता है। उन्होंने कहा कि 30 वर्षों के बाद देश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है। भारत के युवा इस देश की शक्ति हैं। मोदी ने कहा, ‘ दुनिया को ऐसी श्रमशक्ति की जरूरत है जो प्रतिभावान और प्रौद्योगिकी से लैस हो।’ उन्होंने कहा कि भारत कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।