गोपालगंज में वैगनआर कार और बाइक में आमने सामने टक्कर, बाइक सवार की इलाक के क्रम में मौत
गोपालगंज के कटेया थाना क्षेत्र के पंचदेवरी प्रखंड क्षेत्र के जमुनहां बजार के समीप तेज गति से जा रहे कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया। इस घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक यूपी के कुशीनगर के चुरावन छपरा गांव निवासी टुनटुन मधेशिया बताया जा रहा है। वह पिछले कई वर्षों से जमुनहा में अपना होटल चलाता था।
मिली जानकारी के अनुसार टुनटुन रविवार को होटल का सामान खरीदने बाजार जा रहा था। इसी क्रम में राजेंद्र मोड़ के पास एक अनियंत्रित वैहगनार ने ठोकर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गोरखपुर रेफर कर दिया। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।
इधर, घटना के बाद चालक वैगनआर लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मामले की जांच की। समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गयी थी।