गोपालगंज

गोपालगंज में महिला को बोलेरो में बैठाकर लुटेरों ने उसका गहना लूट बोलेरो से धक्का देकर उतारा

गोपालगंज में अपने बच्चे के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने सिवान जा रही एक महिला को बोलेरो में बैठाकर लुटेरों ने उसका गहना लूट लिया। सूटकेस तोड़कर गहना लूटने के बाद लुटेरे महिला तथा बच्चे को उचकागांव थाना क्षेत्र में एनएच 85 के टोल टैक्स प्लाजा के पास बोलेरो से धक्का देकर उतराने के बाद गोपालगंज की तरफ फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर हाईवे से होकर जा रहे राहगीरों ने इस वारदात की सूचना थावे थाना पुलिस को दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस महिला को अपने साथ थाना ले आई। घटनास्थल उचकागांव थाना में पड़ने को देखते हुए थावे पुलिस ने इसकी सूचना उचकागांव थाना पुलिस को दे दिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

बताया जाता है कि थावे थाना क्षेत्र के मठगौतम गांव निवासी वीरेंद्र सिंह की पत्नी सरोज देवी अपने दो वर्षीय पुत्र को साथ लेकर एक शादी समारोह में शामिल होने अपने रिश्तेदार के घर सिवान जा रही थीं। गांव से थावे बस स्टैंड पहुंच कर वह सिवान जाने के लिए बस का इंतजार करने लगी। तभी एक सिल्वर रंग की बोलेरो वहां पहुंची और उसमें बैठे युवकों ने सिवान तक छोड़ने की बात कह सरोज देवी तथा उनके बच्चे को बीच वाली सीट पर बैठा दिया। जबकि महिला का सूटकेस पीछे सीट के बीच रख दिया गया। बोलेरो जैसे ही थावे थाना के नजदीक पहुंची पीछे सीट पर बैठे एक युवक ने अखबार से सीट को ढंक दिया। शक होने पर जब महिला ने हाथ से अखबार हटाया तो देखा कि उनका सूटकेस खुला हुआ है। जिसे देखकर महिला शोर मचाने लगीं। महिला के शोर मचाने पर उचकागांव थाना क्षेत्र के एनएच 85 के टोल टैक्स प्लाजा के पास सूटकेस बाहर फेंक कर महिला तथा बच्चे को धक्का देकर नीचे उतरने के बाद लुटेरे बोलेरो को घुमाकर गोपालगंज की तरफ फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर राहगीरों ने इसकी सूचना थावे थाना को दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर महिला को थाने पर लाई। लुटेरों की शिकार बनी महिला ने बताया कि उसके सूटकेस में चार सोने का चेन, कान का झुमका, अंगूठी, हथशिकर, पायल सहित पांच हजार रुपया था। जिससे बोलेरो सवार लुटेरों ने लूट लिया। इस संबंध में पूछे जाने पर थावे थानाध्यक्ष विशाल आनंद ने बताया कि घटना उचकागांव थाना क्षेत्र में हुई है। इसकी सूचना उचकागांव थाना पुलिस को दे दी गई है। मामले की छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!