गोपालगंज के बीती रात आई आंधी-पानी से बैकुंठपुर में गेहूं की फसलों की हुई व्यापक क्षति
गोपालगंज जिला के बैकुंठपुर प्रखंड में शुक्रवार की देर शाम से रात भर चली तेज आंधी, गरज के साथ छीटपुट बारिश से फसलों को व्यापक पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। खासकर गेहूं की बालियां झड़ने से किसान चिंतित नजर आ रहे हैं।
मालूम हो कि बैकुंठपुर प्रखंड में इस वर्ष 55 हजार एकड़ भू-भाग में किसानों ने गेहूं की खेती की थी। जिनमें बारह हजार एकड़ गेहूं की फसलें खेत में ही तेज -आंधी के कारण गिर पड़े हैं। प्रखंड कृषि पदाधिकारी अवध किशोर राम ने बताया कि मक्का, गन्ना व सब्जी की खेती भी तेज-आंधी के कारण प्रभावित हुई है। आंधी- पानी से नष्ट हुई फसलों का आकलन प्रखंड कृषि कार्यालय की ओर से शुरू कर दिया गया है। इसके अलावे आम के मंजरों के झड़ने से भी किसान काफी हताश नजर आ रहे हैं। इस वर्ष अच्छी मंजर देखकर किसान काफी खुश थे। लेकिन आंधी-पानी ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। फसलों के अलावे गंडक नदी के दियारा क्षेत्र में झुग्गी- झोपड़ियों में रहने वाले बाढ़ पीड़ितों के घरों की छप्पर भी गिरने की बात सामने आ रही है। कुल मिलाकर आंधी- पानी से बैकुंठपुर प्रखंड में लाखों की क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है। बरहाल किसान नष्ट फसलों को देखकर अपना माथा पीट रहे हैं।