गोपालगंज के थावे मंदिर में जुटें मां के हजारो भक्त, डीएम व एसपी ने वितरित किया प्रसाद
सूर्य के धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करने के साथ मां थावेवाली के दरबार में खिचड़ी महाभोग का प्रसाद चढ़ाया गया। थावे में मां को खिचड़ी महाभोग चढ़ावाने के लिए विंध्याचल से धर्मगुरू डब्लू बाबा और प्रेम केडिया पहुंचकर तैयारी में कई दिनों से जुटे थे। इस परंपरा की शुरुआत 2012 से मंदिर के पूर्व समिति सदस्य प्रेम केडिया के द्वारा की गई थी। इस बार प्रेम केडिया, पल्लव केडिया और चंद्रशेखर जैसवाल के द्वारा खिचड़ी महाभोग का आयोजन किया गया था।
खिचड़ी का भोग जिलाधिकारी राहुल कुमार और आरक्षी अधीक्षक रवि रंजन कुमार के द्वारा मंदिर के मुख्य पुजारी सुरेश पाण्डेय के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार से भोग लगाया गया। इस बार थावे में खिचड़ी महाभोग के साथ ही बंदरभोज का अद्भुत आयोजन भी किया गया। जिसमें मंदिर परिसर में मौजूद बंदरों को पुड़ी हलवा का प्रसाद अधिकारियों के द्वारा खिलाया गया। इसके साथ ही यहां पहुंचे हजारो भक्त मां का प्रसाद ग्रहण किये। ऐसी मान्यता है कि मकर संक्रांति के मौके पर मां को खिचड़ी को चढ़ाये गये महाभोग के प्रसाद लेने वाले पूरे वर्ष आरोग्य, सुख ,समृद्धिश् ऐश्वर्य को प्राप्त करते है।
खिचड़ी वितरण के दौरान डीडीसी दयानंद मिश्रा, वरीय उपसमाहर्ता डी पी शाही, एसडीओ शैलेन्द्र कुमार दास, बीडीओ मीनु कुमारी, सीओ अनिल भूषण, डॉ आलोक कुमार सुमन, डॉ अमर कुमार के अलावे कई प्रमुख लोग भी शामिल थे।
वही दूसरी तरफ पूर्व प्रखंड प्रमुख उद्धव प्रसाद यादव के द्वारा ठाकुर मंदिर में महाभोग के साथ लंगर का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ो भक्तो ने उपस्थित हो प्रसाद ग्रहण किया।