गोपालगंज नगर थाना के समीप बाईक सवार अपराधियों ने जूते व्यवसायी को मारी गोली
गोपालगंज नगर थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर दुकान बंद कर घर लौट रहे खुशी शू के मालिक को करीबन रात के 9 बजे अपराधियों ने गोली मार दी। इस घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। इस घटना के बाद शहरवासियों में दहशत का माहौल व्याप्त रहा।
मालूम हो कि शहर के भीएम फिल्ड के पीछे रहने वाले मनोज कुमार साह व खुशी शू स्टोर के मालिक है। रोज की भांति मनोज कुमार अम्बेडकर चौक स्थित अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। अभी वह थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित भीएम फिल्ड के समीप पहुंचा ही था कि बाइक सवार दो अज्ञात अपराधी पहुंचे। अभी मनोज कुछ समझ पाते इतने में अपराधियों ने उन पर फायर झोंक दिया। गोली मनोज के शरीर को छेदती हुई आरपार हो गई। वहीं मनोज लहुलूहान होकर बाइक लेकर गिर गए। गोली चलने की आवाज सुन मुहल्लेवासी घरों से बाहर निकले और पुलिस को सूचना दी। घायल मनोज को इलाज के लिए आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गारेखपुर रेफर कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस बाइक सवार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी कर छापेमारी कर रही है। नगर थानाध्यक्ष बालेश्वर राय ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शीघ्र ही गोलीकांड का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।