गोपालगंज: तटबंध के निरीक्षण के दौरान बाढ़ निरोधात्मक कार्य में अनियमितता पर भड़के पूर्व विधायक
गोपालगंज: बैकुंठपुर के पूर्व विधायक व प्रदेश उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को बरौली प्रखंड के सलेमपुर एवं बैकुंठपुर प्रखंड के मुंजा के तटबंधों पर चल रहे बाढ़ निरोधात्मक कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालक अभियंता से दुरभाष पर बात कर अपील किया कि मानसून से पहले बैकुंठपुर के आशा खैरा से बरौली के सरफरा बाजार तक तटबंधों को तत्काल सुरक्षित किया जाए।
उन्होंने कहा कि फिलहाल तटबंध की जो स्थिति है। वो काफी दयनीय है। तटबंध देखने से प्रतीत हो रहा है कि संवेदक एवं इंजीनियर की मिली भगत से मानक के आधार पर बचाव कार्य नहीं किया गया है। बाढ़ के दिनों में बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र की हजारों की आबादी का क्या हाल होगा। यह कहा नही जा सकता है। जहां तटबंध पर कार्य हुआ है वह संतोषजनक नही है। अभी से बांध में दरार होना एवं स्टड़ का धंसना यह संकेत दे रहा है कि बाढ़ निरोधात्मक कार्य में अनियमता बरती गई है। उन्होंने कहा कि वे प्रधान सचिव से मिलकर मामले की शिकायत करेंगे। अनियमितता की विजलेंस जाँच कराएंगे।
मौके पर भाजपा तकनीकी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक रामनरेश सिंह, शिव बालक कुशवाहा, शुभनारायन सिंह, हेमंत कुशवाहा, बबन सिंह, अविनाश सिंह, रंजीत तिवारी सहित कई लोग मौजूद थे।