गोपालगंज

गोपालगंज के उचकागांव के युवक की पुणे में भवन निर्माण के दौरान मौत, दो अन्य युवक घायल

गोपालगंज के उचकागांव थाना क्षेत्र के राजापुर गांव के एक 20 वर्षीय युवक की पुणे में बहुमंजिली भवन निर्माण के दौरान सेटरिंग के नीचे दबने से मौत हो गई। जबकि निर्माण कार्य में लगे गांव के दो अन्य लड़के गिरकर बुरी तरीके से जख्मी हो गए। जिनका इलाज पुणे के एक अस्पताल में चल रहा है।

बताया जा रहा है कि उचकागांव थाना क्षेत्र के राजापुर गांव के रामनगीना सिंह के 20 वर्षीय पुत्र हरेराम सिंह लगभग 20 दिन पहले अपने गांव के दो साथियों के साथ पुणे के कटारा कॉलोनी में चल रहे बहुमंजिला भवन निर्माण में सेटरिंग के काम में मजदूरी करने के लिए हुए थे। इसी क्रम में बुधवार की देर शाम बहुमंजिली भवन के तीसरे तले की सेटरिंग के बाद ढलाई का कार्य चल रहा था। जिसमें उत्तर प्रदेश और बिहार के 30 से ज्यादा मजदूर लगे हुए थे। राजापुर गांव निवासी हरेराम सिंह ढलाई के दौरान सेटरिंग के नीचे की व्यवस्था देखने में लगे हुए थे। जबकि उनके दो अन्य साथी तीसरी मंजिल के ढलाई का कार्य देख रहे थे। इसी दौरान सेटरिंग के अचानक धंस जाने से उसके नीचे दबने से युवक हरेराम सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि उनके दो अन्य साथी प्रेमचंद सिंह और मंजीत सिंह सहित कार्य में लगे लगभग एक दर्जन मजदूर गिर कर बूरी तरीके से जख्मी बताए जा रहे हैं।जिनको इलाज के लिए पुणे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है। घटना के बाद घर पर मां लीलावती देवी, छोटा भाई श्रीराम सिंह, बहन बबीता देवी, सविता देवी, सरिता देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि मृतक हरेराम सिंह अपने पिता रामनगीना सिंह के दो बेटों में बड़े बेटे थे। जबकि तीन बड़ी बहनों की पूर्व में ही शादी हो चुकी है। पिता विदेश में रहकर मजदूरी करते हैं। वहीं परिवार के लोगों का सहयोग करने के लिए 20 वर्षीय युवक हरेराम सिंह भी सेटरिंग के काम में काम में लगे हुए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद मां लीलावती देवी बिस्तर पर बेसुध पड़ी हुई है जबकि विदेश में काम कर रहे पिता अपने बेटे के अंतिम दर्शन के लिए विदेश से चल दिए हैं। घटना के बाद से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!