गोपालगंज के मांझागढ़ में आधा दर्जन चोरो ने घर के सदस्यों को बंधक बनाकर की लाखों की चोरी
गोपालगंज में डकैतों ने घर में घुसकर भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया है। इस डकैती कांड के दौरान ग्रामीणों ने एक डकैत को रंगेहाथ पकड़ लिया है। उसकी जमकर पिटाई करने के बाद आरोपी को पुलिस को सौंप दिया है। घटना मांझागढ़ क दानापुर टोला मधुबनी की है।
बताया जाता है घर के सदस्य अज़हरुद्दीन सहित अन्य सदस्य घर में सोये हुए थे। इसी दौरान घर के बरामदे में सो रहे एक व्यक्ति के पास से चाभी से डकैतों ने घर का ताला खोलकर घर के सभी सदस्यों को कमरे में बंद कर दिया और बंद करने के बाद घर में घंटो लूटपाट की। पीड़ित परिजनों के मुताबिक डकैत कितनी संख्या में थे इसका पता नहीं चल सका है। लेकिन उन्हें कमरे में बंद करने के बाद डकैतों ने घर में रखे 3 महंगे आईफोन, करीब ढाई लाख रूपये के गहने और 20 – 25 हजार रूपये नगदी लेकर फरार हो गए। भागने के दौरान घर वालो की शोर सुनकर गाँव वाले मौके पर पहुच गए और भाग रहे एक डकैत को रंगेहाथ पकड़ लिया और उसकी मौके पर जमकर धुनाई कर दी। पिटाई के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को मांझागढ़ पुलिस को सौप दिया है।
मांझागढ़ पुलिस के मुताबिक मामला चोरी है। इस मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपी से पुछताछ के बाद अन्य अपराधियो की गिरफ़्तारी के लिए छापामारी की जाएगी।
पीड़ित अज़हरुद्दीन के मुताबिक वह विदेश में काम करता है। वह बकरीद पर्व को लेकर घर आया हुआ था। लेकिन पर्व से एकदिन पूर्व ही अपराधियो ने घर के सदस्यों को बंधक बनाकर सब कीमती सामान लूट लिए।