गोपालगंज

गोपालगंज डीएम अनिमेष कुमार पराशर ने तटबंधों का किया निरीक्षण, बाढ़ की तैयारियों का लिया जायजा

गोपालगंज के बाढ़ से प्रभावित छह प्रखंडों में 15 जून से पहले बाढ़ पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएंगी। इसके लिए बाढ़ नियंत्रण विभाग, गंडक परियोजना सहित संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिया गया है। उक्त बातें अनिमेष कुमार पराशर ने मंगलवार को बैकुंठपुर में तटबंध के निरीक्षण के दौरान कही।

जिले के कुचायकोट, गोपालगंज सदर, माझागढ़, बरौली, सिधवलिया व बैकुंठपुर प्रखंडों के अंतर्गत पड़ने वाले 150 किलोमीटर लंबे सारण मुख्य तटबंध, राजस्व छरकी, जमींदारी बांध व रिंग बांधों का डीएम ने निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष से लेकर अब तक कई जगहों पर बाढ़ विरोधी कार्य किए गए हैं। कुछ जगहों पर मिट्टीकरण का काम कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक 10 किलोमीटर की दूरी पर बाढ़ नियंत्रण विभाग के कनीय अभियंता पुलिस बल के साथ कैंप करेंगे। जबकि प्रत्येक एक किलोमीटर की दूरी में होमगार्ड के जवान तैनात किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बाढ़ निरोधात्मक कार्य में कोताही बरतने वाले संबंधित विभाग के अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने बताया कि 15 जून से पहले गंडक नदी के तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को हर हाल में सुरक्षित किया जाएगा। ताकि वर्ष 2017 में आई विनाशकारी बाढ़ की पुनरावृत्ति नहीं हो सके। गंडक नदी के डेंजर प्वाइंट को चिन्हित कर उन्होनें बाढ़ निरोधात्मक कार्य चलाने का भी निर्देश दिया।

डीएम ने डुमरियाघाट स्थित एनएचआई के निरीक्षण भवन में अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद बैकुंठपुर प्रखंड के तटबंधों का निरीक्षण करने दोपहर बाद निकले। डीएम के साथ कई विभागों के अधिकारी व कर्मी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!