गोपालगंज

गोपालगंज में दहेज के लिए महिला की पीटकर हत्या, साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जलाया

दहेज में एक लाख रुपये नकदी तथा बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर एक महिला की शादी के पांच साल बाद उसके ससुराल के लोगों ने पीटकर हत्या कर दी तथा साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जला दिया। घटना को लेकर मृत महिला के पिता के बयान पर बैकुंठपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें मृतका के पति व ससुर सहित पांच लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है।

जानकारी के अनुसार पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र के मंझरियां गांव के किशोर राय की पुत्री कविता देवी की शादी बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बनौरा गांव के दशरथ राय के साथ वर्ष 2013 में हुई थी। शादी के बाद कविता देवी मायके से विदा होकर अपने ससुराल पहुंची। करीब एक साल तक इन्हें ससुराल के लोगों ने ठीक से रखा। बाद में इन्हें इनके ससुर व पति के अलावा ससुराल के अन्य लोग दहेज में एक लाख रुपये नकदी तथा सोने की चेन नहीं लाने का आरोप लगाकर प्रताड़ित करने लगे। कुछ समय तक वह ससुराल के लोगों की प्रताड़ना को झेलती रही। इसके बाद भी जब ससुराल के लोगों की मांग पूरी नहीं हुई तो कविता देवी की पीटकर हत्या कर रातोरात शव को जला दिया। इस घटना की जानकारी होने के बाद मृत महिला के पिता बैकुंठपुर थाने पहुंचे तथा मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई। दर्ज प्राथमिकी में दशरथ राय, सिकंदर राय, गुलटेन राय तथा मनोज राय सहित पांच लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। घटना के बाद कविता के ससुराल के लोग घर छोड़कर फरार बताए जाते हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!