देश

सरकार ने 20 स्मार्ट सिटी की घोषणा की, 5 राज्यों की राजधानी बनेंगी स्मार्ट

मोदी सरकार ने बहुप्रतीक्षित स्मार्ट सिटी प्लान के तहत 20 शहरों के नाम की घोषणा कर दी है। इन शहरों को अगले 5 सालों में स्मार्ट सिटी बनाया जाएगा। पांच राज्यों की राजधानी को स्मार्ट सिटी में जगह मिली है। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने स्मार्ट सिटी की घोषणा करते हुए कहा कि इन शहरों का चुनाव कॉम्पिटिशन के आधार पर किया गया है।

पहले चरण में चुने गए ये 20 शहर :-

वेंकैया नायडू ने जिन 20 शहरों का नाम पहले चरण में घोषित किया उनमें भुवनेश्वर, पुणे, जयपुर, सूरत,कोच्चि, अहमदाबाद, जबलपुर, विशाखापट्टनम, सोलापुर, धवनगिरि, इंदौर, एनडीएमसी (न्यू दिल्ली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन), कोयंबटूर, काकिनाडा, बेलगाम, उदयपुर, गुवाहटी, चेन्नै, लुधियाना और भोपाल शामिल हैं। स्मार्ट सिटी के लिए यूपी, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल और बंगाल का कोई शहर नहीं चुना गया। कांग्रेस सांसद और पूर्व मंत्री राजीव शुक्ला ने स्मार्ट सिटी के चयन पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने ट्वीट कर यूपी, बिहार और बंगाल की अनदेखी का आरोप लगाया है। पूर्वोत्तर से सिर्फ असम की राजधानी गुवाहाटी का ही चयन हुआ है।भुवनेश्वर (ओडिशा), भोपाल (मध्य प्रदेश), जयपुर (राजस्थान),चेन्नै (तमिलनाडु) और गुवाहाटी (असम) ये पांच राजधानियां भी इस लिस्ट में शामिल हैं। वेंकैया नायडु ने बताया कि स्मार्ट सिटी के लिए की गई रैंकिंग में भुवनेश्वर टॉप पर जबकि भोपाल 20वें स्थान पर आया। उन्होंने बताया कि पहले फेज में 20 शहर चुने गए हैं।

48 हजार करोड़ स्मार्ट सिटी प्लान के लिए :-

वेंकैया नायडू ने बताया कि स्मार्ट सिटी प्लान के लिए 48 हजार करोड़ का बजट तैयार किया गया है। इसके अलावा जो शहर पहले फेज में चुने गए हैं उन्हें अगले 3 साल तक 100-100 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। वेंकैया नायडू ने कहा कि स्मार्ट सिटी के लिए राज्यों ने अपनी-अपनी तरफ से सुझाव भेजे थे। कुल 97 शहरों के बीच कई आधार पर कॉम्पिटिशन के तहत चुनाव हुए। इनमें से ही 20 शहरों का नाम फाइनल किया गया। वेंकैया ने बताया कि डिवेलपमेंट और प्लानिंग के आधार पर शहरों का चयन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!