गोपालगंज के मीरगंज के सवरेजी गांव में एक आवारा भैंसा ने अधेड़ की जान ले ली
गोपालगंज जिला के मीरगंज थाना क्षेत्र के सवरेजी गांव में गुरुवार को एक आवारा भैंसा ने अधेड़ की जान ले ली। जानकारी के मुताबिक चंदेश्वर भगत सुबह पास ही खेत में शौच के लिए गये थे। जहां भैंसा ने उनको खदेड़ना शुरू कर दिया। कुछ दूर दौड़ने के बाद चंदेश्वर भगत गिर गये और भैंसा ने उनपर हमला कर दिया। भैंसा ने चंदेश्वर भगत को उठा-उठा कर पटकना शुरू कर दिया। काफी देर तक इस घटना की जानकारी लोगों को नहीं मिल पाई। जब कुछ ग्रामीण खेत की ओर गये तो चंदेश्वर भगत को बेहोश देखा।
ग्रामीणों ने बताया कि भैंसा ने चंदेश्वर भगत को इतनी बेरहमी से पटका की पूरे शरीर की हड्डी तोड़ दी। काफी जद्दोजहद के बाद ग्रामीणों ने भैंसा को खदेड़ कर भगाया। चंदेश्वर भगत के परिजनों ने बताया कि अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने देखते ही चंदेश्वर भगत को मृत घोषित कर दिया। वहीं चंदेश्वर भगत के घर में परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा है।