गोपालगंज नगर थाना में दहेज़ ना मिलने पर बहु को घर से निकलने के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज़
दहेज में एक लाख रुपये नकदी की मांग पूरी नहीं होने पर एक महिला को शादी के छह साल बाद उसके ससुराल के लोगों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़ित महिला के बयान पर घटना की नगर थाने में पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के चौरांव गांव की नूर जन्नत खातून की शादी करीब छह साल पूर्व उत्तरप्रदेश के गोरखपुर जिले के हुसैन गली, गोरखपुर निवासी शमसेर आलम के साथ हुई। शादी के बाद ससुराल जाने पर कुछ दिनों तक नूर जन्नत को उसके ससुराल के लोगों ने ठीक से रखा। बाद में दहेज में एक लाख रुपये नकदी की मांग के लिए उसे उसके ससुराल के लोगों ने प्रताड़ित करना शुरू किया। करीब तीन साल तक वह ससुराल के लोगों की प्रताड़ना को झेलती रही। इसके बाद भी जब उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो नूर जन्नत को उसके पति व ससुराल के अन्य लोगों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। घटना को लेकर पीड़ित महिला के बयान पर नगर थाने में दर्ज प्राथमिकी में शमसेर आलम सहित पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।