गोपालगंज के कुचायकोट में ज़मीन हड़पने के नियत से भाई ने भाई को मारी गोली
गोपालगंज जिला के कुचायकोट थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी अजय पाण्डेय ने संपत्ति हड़पने की नियत से अपने सगे छोटे भाई दिग्विजय पाण्डेय को गोली मार कर घायल कर दिया। ग्रामीणों के सहयोग से दिग्विजय को सदर अस्पताल गोपालगंज में भर्ती कराया गया जहाँ स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया। कुचायकोट पुलिस ने पीड़ित के ब्यान के आधार पर अजय पाण्डेय और उनकी पत्नी दीपा देवी सहित तीन अज्ञात लोगो के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और महिला आरोपी दीपा देवी को गिरफ्तार कर लिया है जब की अजय पाण्डेय और अज्ञात तीन की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
गौरतलब है कि कुचायकोट थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी उमेश पाण्डेय के 32 वर्षीय पुत्र दिग्विजय पाण्डेय उर्फ़ पप्पू पाण्डेय को रविवार की रात उसके बड़े भाई ने उस समय गोली मार दी जब वह खाना खाकर घर के आंगन में लगे चापाकल से पानी पीने गया था। घटना में बड़े भाई के अलावे उसकी पत्नी और तीन अन्य लोग भी शामिल थे। वहीं गोली लगने के बाद से स्थानीय लोगो की मदद से पीड़ित युवक को कुचायकोट पीएचसी में भर्ती कराया। जहाँ से उसे देर रात सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भेज दिया गया। वहीं सोमवार की सुबह उसकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया। पीड़ित के मुताबिक आरोपी भाई उसकी संपत्ति हडपना चाहते है। उसने शादी नहीं की है। वह घर में चार गाय रखकर अपने माँ और पिता की सेवा करना चाहता है। लेकिन दो सप्ताह पूर्व ही उसके बड़े भाई ने माँ और पिता को भी धारदार हथियार से वार कर घायल कर दिया और उन्हें घर से बाहर भी निकाल दिया। जिसकी शिकायत पीड़ित ने कुचायकोट थाना से लेकर एसपी तक की। लेकिन पुलिस ने उसकी कोई मदद नहीं की।