बिहार

ट्रेन लेट होने से परेशान दूल्हे का ट्वीट, हे ‘प्रभु’ मेरी शादी टूट जाएगी

दुल्हन का हाथ थामने के लिए दूल्हा बारात लेकर ट्रेन से निकला था। लेकिन हमेशा की तरह ट्रेन लेट हो गयी। बेचैन दूल्हे ने प्रभु से गुहार लगायी। प्रभु ने उसकी आवाज सुनी और ट्रेन को सही समय पर पहुंचाने का आदेश दिया। जिसके बाद दूल्हा अपनी दुल्हन के साथ सात फेरे ले पाया।

भोजपुर जिले के बिहिया प्रखंड स्थित नवाडीह गांव निवासी निर्मल ओझा के बेटे सुशील कुमार की सोमवार को नई दिल्ली में शादी थी। आरा से 86 बरातियों का आरक्षण 14 मई को आरा से नई दिल्ली तक स्लीपर क्लास की बोगी एस-5 और एस-6 में था। नई दिल्ली में वैवाहिक कार्यक्रम शाम छह बजे का था। लिहाजा बारात के लिए ट्रेन 12401 मगध एक्सप्रेस को चुना गया।

छह घंटे ट्रेन लेट हुआ तो नहीं हो पाएगी शादी
आरा में इस ट्रेन को रविवार शाम 7:04 बजे आकर सोमवार सुबह 11:50 बजे पहुंचना था। ट्रेन 3:29 घंटे की देरी से रात 10:33 बजे आरा पहुंची। इस ट्रेन के पहले से कई दिनों तक लेट चलने की सूचना बरातियों ने दूल्हे को दी। परेशान दूल्हा बना सुशील कुमार ने अंदाजा लगाया कि यदि ट्रेन छह घंटा भी लेट हुई तो नई दिल्ली ही शाम छह बजे के बाद पहुंचाएगी। ऐसे में शाम छह बजे से वैवाहिक कार्यक्रम शुरू नहीं हो सकेंगे। लिहाजा दूल्हे ने रेल मंत्री सुरेश प्रभु के पोर्टल और ट्विटर पर शिकायत कर दी।

सुरेश प्रभु के आदेश पर ट्रेन की देरी कम की गयी
सुशील कुमार ने कहा कि मगध एक्सप्रेस पिछले कई दिनों से छह से 10 घंटे की देरी से नई दिल्ली पहुंच रही है। ऐसे में यदि यह ट्रेन सोमवार को भी लेट हुई तो बारात बीच रास्ते फंसी रह जाएगी और शादी नहीं हो पाएगी। चूंकि यह ट्रेन मुगलसराय और पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के बाद उत्तर मध्य रेलवे के इलाहाबाद रेल मंडल पर चलती है। लिहाजा ट्विटर की शिकायत को रेल मंत्रालय ने लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ से शिकायत को इलाहाबाद रेफर किया गया। रेल मंत्री ने दूल्हे की परेशानी को कुछ हद तक कम किया। ट्रेन इलाहाबाद पहुंचने तक 5:05 घंटा लेट हो गयी, जबकि कानपुर आने तक यह 5:45 घंटा पिछड़ गई। ट्रेन फिरोजाबाद पहुंची तो 6:39 घंटा लेट हो चुकी थी।

दुल्हन भी थी बेचैन
उधर, वधू पक्ष भी ट्रेन की सुस्त चाल से परेशान हो रहा था। लिहाजा दूल्हे को बार-बार फोन कर उसकी लोकेशन ली जा रही थी। परेशान दूल्हा रेल मंत्री के ट्विटर पर बार-बार ट्रेन को तेज चलाने की गुहार लगाता रहा। रेल मंत्री के आदेश पर कुछ राहत मिली और ट्रेन ने अपना समय दो घंटा कवर कर लिया। ट्रेन नई दिल्ली 4:55 घंटा की देरी से शाम 4:45 बजे पहुंची तो दुल्हे ने राहत की सांस ली।
सुशील कुमार कुमार समय पर अपनी दुल्हन का हाथ थाम कर सात फेरे लिये। सुशील अपनी दुल्हन के साथ सुरेश प्रभु को शुक्रिया अदा किया।

दूल्हा-दुल्हन ने किया सुरेश प्रभु को धन्यवाद
सुशील ने कहा कि सुरेश प्रभु और उनकी टीम की कृपा से आज मैं दूल्हा बन पाया और शादी के बंधन में बंध पाया।  वहीं, गाजियाबाद में रहने वाली दुल्हन प्रीति ने कहा कि आज हम एक साथ है वो सुरेश प्रभु की वजह से हैं। मेरे पिता जी को काफी टेंशन थी कि शादी कैसे होगी, क्योंकी ट्रेन अक्सर लेट चल रही थी। उस दिन भी ट्रेन काफी लेट थी। लेकिन सुरेश प्रभु की वजह से हमारी शादी शुभ मुहूर्त पर हो पायी।

 

 

Source : enaduindia.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!