देश

शोपियां में आतंकियों ने निहत्थे आर्मी अफसर को किडनैप कर की हत्या, गोलियों से छलनी मिला शव

कश्मीर घाटी में आतंकवादियों के हौसले दिन-ब-दिन बुलंद होते जा रहे हैं। कश्मीर के शोपियां में बुधवार सुबह एक आर्मी अफसर की डेडबॉडी बरामद हुई है। लेफ्टिनेंट उमर फयाज पैरी को मंगलवार रात को आतंकवादियों के द्वारा अपहरण किया गया था, जिसके बाद अब शोपियां जिले की हरमेन चौक से अफसर का शव मिला है। पुलिस अब इस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। उमर फयाज के शरीर पर गोलियों के निशान भी हैं। लेफ्टिनेंट उमर फयाज पैरी खुद शोपियां के ही रहने वाले थे, वे आर्मी में डॉक्टर थे। उन्हें उनके घर से ही अपहरण किया गया था।

शादी में गए थे उमर फयाज

उमर फयाज छुट्टी पर थे और अपने मामा की बेटी की शादी अटेंड करने गए थे। जहां से उन्हें रात 10 बजे किडनैप कर लिया गया था। वे अखनूर में तैनात थे। उनके पिता एक किसान थे, कुछ वक्त तक उन्होंने बिजनेस भी किया था। उमर फयाज नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) के कैडेट भी रह चुके थे। वे सितंबर में यंग ऑफिसर्स कोर्स करने वाले थे। एनडीए में वे हॉकी टीम के कैप्टन भी थे।

आपको बता दें कि 1 मई को जम्मू के मेंढर सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की तरफ से फायरिंग की गई थी।  इस हमले में भारत के 2 जवान शहीद हो गए। जिसके बाद भारतीय सेना ने भी पाकिस्तानी सेना को मुंहतोड़ जवाब दिया।

बैंक की वैन पर भी हमला कर लूटे रुपए

बता दें कि हाल ही में बॉर्डर पर हमले के अलावा दोपहर को जम्मू एवं कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने एक कैश वैन पर हमला कर दिया और पांच पुलिसकर्मियों व एक बैंककर्मी की हत्या कर पैसे लूट लिए। यह घटना कुलगाम के पोमबई गांव में हुई, जब अज्ञात संख्या में आतंकवादियों ने जम्मू एवं कश्मीर बैंक की कैश वैन को निशाना बनाया था।

भारतीय सेना चला रही थी सर्च ऑपरेशन

बता दें कि पिछले कुछ समय से लगातार कश्मीर में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। हाल ही में घाटी में लगातार पुलिस और सेना के जवानों पर हमले से परेशान सेना ने अब एक बड़ा अभियान छेड़ा था। इस दौरान सुरक्षाबलों ने घर-घर जाकर आतंकवादियों की तलाश की। इसके तहत सेना ने लगभग 20 गांवों को घेर लिया था। इस ऑपरेशन में लगभग 4000 से ज्यादा सेना के जवान लगे हैं। कहा जा रहा है कि 1990 के बाद यह भारतीय सेना का कश्मीर में सबसे बड़ा ऑपरेशन है।

आपको बता दें कि पिछले हफ्ते ही आतंकवादियों ने शोपियां में सेना की एक टुकड़ी पर हमला किया था। हमले में सेना के 2 जवान और स्थानीय ड्राइवर घायल हो गए थे। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और इसके बाद इलाके को सेना ने अपने कब्जे में ले लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected By Awaaz Times !!